Advertisement
Uncategorized

42 वर्षों की सेवायात्रा के बाद व्याख्याता को छात्रों ने दी अनूठी विदाई

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरिया में वरिष्ठ व्याख्याता रामकुमार बख्शी के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित विदाई समारोह भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकों विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उनके लंबे शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए सम्मान व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित समारोह में रामकुमार बख्शी का शाल श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने बैंड बाजे के साथ उन्हें रथ में बैठाकर नगर भ्रमण कराया। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए इस विशेष सम्मान से वे भावुक हो उठे। समारोह में उपस्थित शिक्षक कर्मचारी और अभिभावक भी इस अवसर पर भावुक नजर आए।
रामकुमार बख्शी ग्राम रगरा निवासी स्व. बाबूलाल बख्शी के सुपुत्र हैं। उन्होंने 14 फरवरी 1984 को विकासखंड छुईखदान के प्राथमिक शाला पद्मावतीपुर में सहायक शिक्षक के रूप में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। वर्ष 1988 से 1990 तक उन्होंने बीटीआई खैरागढ़ से सेवाकालीन प्रशिक्षण प्राप्त किया। जुलाई 1990 में उनकी पदस्थापना शासकीय प्राथमिक शाला अतरिया बाजार में हुई। इसके बाद सितंबर 2008 में वे शासकीय प्राथमिक शाला दुल्लापुर में प्रधान पाठक बने। पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने 8 फरवरी 2011 से 31 जनवरी 2026 तक व्याख्याता के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान जून 2017 से नवंबर 2025 तक उन्होंने प्रभारी प्राचार्य का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभाया।
अपने लगभग 42 वर्षों के सेवाकाल में रामकुमार बख्शी ने शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सरल स्वभाव विनम्र व्यवहार और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण ने उन्हें शिक्षा जगत में विशिष्ट पहचान दिलाई। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और संस्कार निर्माण में उनकी भूमिका को विद्यालय परिवार ने विशेष रूप से सराहा। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page