
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक ली जाएंगी दावा-आपत्तियां
खैरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। पुनरीक्षण के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण, मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन, दावे-आपत्तियों की प्राप्ति एवं निराकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन का कार्य 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। प्रारूप सूची के प्रकाशन के साथ ही मतदाताओं को सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।निर्धारित कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची की जांच करना जरूरी
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि कर सकेंगे वहीं नाम छूटने, प्रविष्टियों में त्रुटि या अन्य संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी। निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पात्र नागरिकों को प्रारूप मतदाता सूची की जांच कर आवश्यक सुधार समय-सीमा के भीतर कराने की अपील की गई है।
