KCGपॉलिटिक्स

29 लाख की सीसी सड़क पर भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस के विरोध के बाद सीएमओ ने रुकवाया निर्माण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका खैरागढ़ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर विवादों में आ गई है। संगीत नगरी के इतवारी बाजार स्थित रावणभाठा में लगभग 29 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सीसी सड़क (सीसीकरण) कार्य को लेकर कांग्रेस ने गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य को गुणवत्ताहीन बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। शिकायत के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पुनीत राम वर्मा ने अधिकारियों द्वारा निरीक्षण और गुणवत्ता जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए है जिसके बाद कार्य फिलहाल बंद कर दिया गया। ज्ञात हो कि रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल निर्माण स्थल पहुंचा। कांग्रेस का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार सिद्धेश पारख द्वारा कराया जा रहा है लेकिन निरीक्षण के दौरान न तो नगर पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद था और न ही ठेकेदार स्वयं उपस्थित था वहां केवल ठेकेदार का एक रिश्तेदार मौजूद मिला जो निर्माण कार्य से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। डॉ.भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जिस दिन सरकारी अवकाश होने के कारण अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने की संभावना थी उसी दिन निर्माण कार्य कराया जाना संदेह उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि इससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगते हैं। उन्होंने मौके से ही सीएमओ पुनीत वर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर कथित अनियमितताओं की जानकारी दी और चेतावनी दी कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ जाएंगे। इसके बाद सीएमओ ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने तथा तकनीकी जांच के बाद ही आगे कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि रावणभाठा क्षेत्र हर वर्ष बारिश के दौरान बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित होता है। पिछले वर्ष इसी स्थान पर बाढ़ के दौरान एक युवक की डूबने से मौत भी हो चुकी है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में यदि गुणवत्ता से समझौता किया गया तो सड़क पहली ही बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो सकती है जिससे आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के निर्माण कार्यों में लगातार गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स से होने वाले विकास कार्यों में यदि निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाएगा तो यह जनता के साथ अन्याय होगा। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार पर कार्रवाई करने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित वार्ड के भाजपा पार्षद पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि दोनों जनप्रतिनिधि प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं इसके बावजूद कथित रूप से गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य पर ध्यान नहीं दिया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा जनप्रतिनिधि जनता के हितों की बजाय कमीशनखोरी को प्राथमिकता दे रहे हैं। निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page