KCG

लो-वोल्टेज से मिली राहत, ठंडार गांव में लगा नया ट्रांसफार्मर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/गंडई। खैरागढ़ जिले के गंडई उपसंभाग अंतर्गत ग्राम पंचायत ठंडार में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान कर दिया गया है। बिजली की कमी के कारण ग्रामीणों को घरेलू उपकरण चलाने और पेयजल के लिए बोरवेल व पंप संचालित करने में परेशानी हो रही थी जिसे अब विद्युत विभाग की पहल से दूर कर लिया गया है। समस्या सामने आते ही विभाग के मैदानी अमले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। जांच में स्पष्ट हुआ कि लो-टेंशन लाइन अधिक लंबी होने से वोल्टेज में गिरावट आ रही थी और अंतिम छोर तक पर्याप्त बिजली नहीं पहुंच पा रही थी। स्थिति को सुधारने के लिए विभाग ने त्वरित कदम उठाते हुए चौक मोहल्ला क्षेत्र में नया डीपी पोल स्थापित कर वितरण ट्रांसफार्मर चालू किया। साथ ही लंबी एलटी लाइन को छोटा कर लोड का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया गया। इन कार्यों के पूरा होते ही गांव में वोल्टेज की समस्या समाप्त हो गई और अब उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली मिलने लगी है। गर्मी के इस मौसम में बिजली व्यवस्था दुरुस्त होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। गांव में खुशी का माहौल है और लोगों ने विभाग की तत्परता की सराहना की है। इस कार्य के लिए तानसेन साहू, राज यादव, गोपी वर्मा, ओमलाल जंघेल और गुलेश्वर वर्मा सहित ग्रामवासियों ने आभार जताया। वहीं खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे, सहायक अभियंता किरण जांगड़े, कनिष्ठ अभियंता हरिप्रसाद जंघेल और उनकी टीम की विशेष प्रशंसा की गई है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page