KCG

सांस्कृतिक भवन में बनेगा डोम शेड, विधायक निधि से 10 लाख रुपये मंजूर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के तुरकारीपारा स्थित सांस्कृतिक भवन में जल्द ही डोम शेड का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। डोम शेड बनने से भवन में आयोजित होने वाले सामाजिक धार्मिक सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के दौरान लोगों को मौसम की मार से राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार लंबे समय से सांस्कृतिक भवन परिसर में छायादार व्यवस्था की मांग की जा रही थी। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज द्वारा इस संबंध में पहल किए जाने के बाद डोम शेड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इस निर्माण कार्य से भवन में वर्षभर विभिन्न आयोजनों का संचालन अधिक सुविधाजनक ढंग से किया जा सकेगा। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में डोम शेड विस्तार के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा ताकि भवन की उपयोगिता और बढ़ाई जा सके। अरुण भारद्वाज ने विधायक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय स्थानीय नागरिकों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने वाला है। उन्होंने कहा कि डोम शेड निर्माण से शहर के 20 वार्डों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा और सांस्कृतिक भवन विभिन्न आयोजनों के लिए अधिक उपयोगी साबित होगा। स्थानीय लोगों ने भी इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। डोम शेड निर्माण के बाद भवन में आयोजित कार्यक्रमों को मौसम संबंधी व्यवधानों से काफी हद तक मुक्ति मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page