KCG

119 पौवा अवैध शराब के साथ चार तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोटर सायकल भी जब्त

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। केसीजी जिले की छुईखदान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 119 पौवा अवैध शराब, बिक्री की नगदी तथा परिवहन में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 61 हजार 740 रुपये बताई गई है। जानकारी अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध शराब जुआ और सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 2 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि पंडरिया रोड स्थित ग्राम विचारपुर में कुछ लोग अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर प्रशांत ढीमर उर्फ बंटी (24 वर्ष), विनायक यादव (20 वर्ष), गुलशन भगत (25 वर्ष) और संजय धुर्वे (19 वर्ष) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 119 पौवा अवैध शराब (21.42 बल्क लीटर), बिक्री की 500 रुपये नगद राशि तथा शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो मोटर साइकिल जब्त की गई है। शराब की कीमत 11 हजार 740 रुपये आंकी गई है जबकि जब्त सामग्री की कुल कीमत 61 हजार 740 रुपये है। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। सोमवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में खैरागढ़ के उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब जुआ सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page