Uncategorized

होली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्ती जारी, 9 नमूने लिए गए

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। होली पर्व के मद्देनज़र आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उप संचालक डॉ.आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 9 खाद्य नमूने लिए गए जिनमें चार विधिक एवं पांच सर्विलेंस नमूने शामिल हैं। विधिक नमूनों के तहत जय अम्बे स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से खुला खोवा, बालाजी ट्रेडर्स से मिर्ची पाउडर तथा कोनार्क टी और उमरावमल ट्रेडर्स से नमकीन मिक्सचर के नमूने संकलित किए गए वहीं सर्विलेंस कार्रवाई के तहत बिकानेर स्वीट्स से मिनी पेड़ा एवं नमकीन मिक्चर तथा गणेश होटल से समोसा, कचौरी और बूंदी लड्डू के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं गुणवत्ता संबंधी कमियां पाई गई जिनके सुधार के लिए संबंधित संचालकों के विरुद्ध इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम 2011 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वच्छता, गुणवत्ता और भंडारण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें ताकि त्योहार के अवसर पर उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page