होली पर ड्राई डे बरकरार: जनभावनाओं के बाद सरकार का यू-टर्न

सत्यमेव न्यूज रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब दुकानें खोलने को लेकर उठे विवाद के बीच राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार पर शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि होली पर पूर्व से लागू नियम ही प्रभावी रहेंगे और किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। दरअसल नई आबकारी नीति में होली को ड्राई डे की सूची से बाहर किए जाने की चर्चा सामने आने के बाद विपक्षी दलों सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों ने तीखा विरोध दर्ज कराया था। विरोध करने वालों का कहना था कि रंगों के पर्व पर शराब की खुली बिक्री से कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है सड़क हादसों की आशंका बढ़ सकती है और सामाजिक सौहार्द पर विपरीत असर पड़ सकता है। कई जिलों में ज्ञापन सौंपे गए और प्रदर्शन भी हुए। विवाद बढ़ने पर सरकार ने मामले की समीक्षा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और होली के दिन प्रदेशभर में शराब दुकानें बंद रहेंगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बढ़ते जनदबाव और विपक्ष के हमलों को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। वहीं विपक्ष ने फैसले को जनता की जीत करार देते हुए कहा है कि सार्वजनिक दबाव के आगे सरकार को अपना रुख बदलना पड़ा। सरकार के इस निर्णय से होली के दौरान शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रशासन को भी स्पष्ट संदेश मिला है।

Exit mobile version