विधानसभा के शीतकालीन सत्र की ड्यूटी से नदारद चार कर्मचारियों को नोटिस

खैरागढ़। विधानसभा के शीतकालीन सत्र 2026 के दौरान सौंपे गए कार्यालयीन दायित्वों का निर्वहन नहीं करने और निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नवंबर माह का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 21 नवंबर को जारी नोटिस के अनुसार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कार्यालयीन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद वे कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे थे। इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उच्च कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की गई है। नोटिस पाने वालों में सहायक ग्रेड-03 के रूप में पदस्थ श्रीमती पूर्णिमा महिलांग (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ठेलकाडीह), लोमेश्वर बघेल (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजार अतरिया), आकाश श्रीवास (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयपुर) तथा भृत्य हिमांशु बंजारे (शासकीय प्राथमिक शाला गाड़ाघाट) शामिल हैं। जारी नोटिस में कर्मचारियों की अनुपस्थिति को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत बताते हुए तत्काल लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी को 22 नवंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया या वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हुए तो उनका नवंबर माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों की होगी।

↑
Exit mobile version