धनगांव में बाढ़ से घिरे 27 लोगों को एनडीआरएफ टीम ने बचाया

बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सक्रिय रहे जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह

बाढ़ में महिला पुरुष सहित मासूम बच्चे भी फंसे थे

सत्यमेव न्यूज़ खैरागढ़. ग्राम धनगांव में मंगलवार 10 सितंबर को अचानक आयी भीषण बाढ़ में 27 लोग फंस गये थे और जैसे ही ये जानकारी जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह को मिली तो उन्होंने तुरंत मदद कर एनडीआरएफ दुर्ग टीम से बात की और उनका ये प्रयास सराहनीय रहा। आखिरकार सभी लोगों को सकुशल बचा लिया गया। मिली जानकारी अनुसार धनगांव में आये बाढ़ में ग्रामीणों के फंसे होने की खबर ग्रामीण मंडल भाजपा अध्यक्ष एवं सरपंच केशव वर्मा व युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राकेश वर्मा ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह को दी जिसके बाद उन्होंने तुरंत एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू से बात की और एनडीआरएफ दुर्ग की टीम से संपर्क कर उन्हें जल्द ग्राम धनगांव बुलाया। बाढ़ में बुरी तरह फंसे हुए 27 लोगों को सकुशल निकाल कर सुरक्षित जगह ठहराया गया। बाढ़ में फंसी दुलशिया, सुनकी, हिरोंदी, मिलांतीन, सुनीता, बुद्धनतीन, भारत, शांति, सुरजा, नंदू व चंदू सहित अन्य मासूम बच्चों को एनडीआरएफ टीम के लीडर धनीराम यादव के नेतृत्व में टीम हवलदार मोहन जांगड़े, सूरज भंडारकर, दिनेश चंद्राकर, रमेश कुमार, धनेश्वर सिंह, चंद्र प्रकाश व कुंजेश देशमुख ने प्रयास कर सभी को सकुशल बाढ़ क्षेत्र से निकाला और 27 लोगों की जान बचाई। इस दौरान सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को डॉ.भूपेंद्र साहू के निज निवास में रखा गया वहीं जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह बोनी व भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य लक्की साहू ने भी बाढ़ प्रभावितों की सहायता करने में सराहीय भूमिका निभाई।