Advertisement
KCG

हितग्राहियों को तीन माह का राशन मिल रहा एक साथ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मंगलवार को चावल उत्सव उत्साह और सहभागिता के माहौल में मनाया गया। जिले की सभी 249 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को अप्रैल मई और जून तीन माह का खाद्यान्न एक साथ वितरित किया जा रहा है। एकमुश्त राशन मिलने से हितग्राहियों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले में राशन वितरण की पूरी व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली गई थी। नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा सभी उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न का भंडारण पहले ही कर दिया गया था जिससे वितरण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संचालित हो रही है। मंगलवार को आयोजित चावल उत्सव के दौरान विभिन्न उचित मूल्य दुकानों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरित किया गया। इस अवसर पर हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई ताकि जरूरतमंद परिवार उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर लाभ उठा सकें। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिलेभर में चावल उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी उचित मूल्य दुकानों में तीन माह के राशन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी भी की जा रही है। जिले में आयोजित इस उत्सव ने न केवल राशन वितरण को गति दी बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं की पहुंच को भी मजबूत किया। एक साथ तीन माह का राशन मिलने से हितग्राहियों को बार बार दुकान तक पहुंचने की परेशानी से भी राहत मिली है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page