
गांव में रोपे गए फलदार व छायादार वृक्ष

रोपित पौधों के संरक्षण के लिए लगाया गया विशेष तौर पर ट्री-गार्ड
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत छुईखदान अंतर्गत ग्राम पंचायत साखा में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच कपिनाथ महोबिया के नेतृत्व में शासकीय स्कूल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत के पंचगण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प दोहराया। सरपंच श्री महोबिया ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण वर्तमान ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि हरियाली से ही स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने तथा अपने आसपास अधिकाधिक पौधा लगाने व वृक्ष बनने तक उनके संरक्षण का संकल्प लिया।