

विधायक यशोदा ने बताया जनसेवा और राजनीति के प्रेरणास्रोत
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़ रियासत के पूर्व राजा, लोकप्रिय जननेता एवं पूर्व सांसद देवव्रत सिंह की जयंती पर गुरुवार को दुर्गा चौक सिविल लाइन स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने स्व. देवव्रत सिंह को स्मरण करते हुए कहा कि वे केवल जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने वाले संवेदनशील और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने कहा कि स्व. सिंह का राजनीतिक जीवन आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है। अपने सरल स्वभाव, दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति समर्पण के कारण वे सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेंगे। विधायक श्रीमती वर्मा ने आगे कहा कि एक राजा की अपनी प्रजा के प्रति जो जिम्मेदारियां होती हैं उनका निर्वहन स्व. देवव्रत सिंह ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ किया। खैरागढ़ अंचल के विकास, शिक्षा, संस्कृति तथा सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने जनसेवा की जो परंपरा स्थापित की वह आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित कर रही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि स्व. देवव्रत सिंह ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और सदैव जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली और जनसरोकारों ने खैरागढ़ की राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि स्व. सिंह के आदर्श और विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने स्व. देवव्रत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नीलाम्बर वर्मा, दीपक देवांगन, संदीप सिरमौर, किशन रजक, पूरन सारथी, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, गुलशन तिवारी, अनिमेष सिंह, वासु सिंह, लक्ष्मी सिरमौर, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन डीमर, संतोष वर्मा, कोमल वर्मा, अशोक साहू, डोमार वर्मा, रतन सिंघी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
