Uncategorized

स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी में सिन्हा कलार समाज के सामाजिक एकता, इतिहास और विकास का हुआ संगम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। श्रीराम मंदिर बर्फानी धाम टिकरापारा में जिले के सिन्हा कलार समाज द्वारा पहली बार आयोजित सामाजिक मिलन, युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं भूमि पूजन कार्यक्रम ऐतिहासिक और भव्य रूप में संपन्न हुआ। सामाजिक गठन के बाद हुए इस प्रथम जिला स्तरीय आयोजन ने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शीतला मंदिर प्रांगण इतवारी बाजार से राम मंदिर बर्फ़ानी धाम तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा और भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की शोभायात्रा से हुई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में समाज के महिला, पुरुष और युवाओं की सहभागिता रही। पूरे दिन शहर में समाज के लोगों का जमावड़ा चर्चा का विषय भी बना रहा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलाम्बार वर्मा ने की। अतिविशिष्ट अतिथियों में प्रदेश कलार समाज अध्यक्ष युवराज सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, समाज के प्रदेश एवं जिला संरक्षक दीपक सिन्हा तथा पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने पहले खैरागढ़ प्रवास पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को समाज ने अपने “लाडले बेटे” के रूप में आत्मीय स्वागत किया। सामाजिक पदाधिकारियों ने गजमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। मंत्री की मौजूदगी से समाज के लोगों में विशेष उत्साह और गौरव का भाव देखने को मिला।

मंत्री ने अपने संबोधन में प्राचीन कल्चुरी कलार हैहयवंशी राजाओं के इतिहास और उनके प्रताप का उल्लेख किया और उन्होंने बताया कि समाज के पूर्वजों ने दक्षिण कौशल क्षेत्र में लगभग दो शताब्दियों तक शासन किया और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत छोड़ी। इस ऐतिहासिक प्रस्तुति ने समाज में आत्मगौरव की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम की बड़ी उपलब्धि के रूप में सामाजिक भवन निर्माण हेतु विधायक निधि से 20 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की गई। इस पर विधायक यशोदा ने सहमति जताते हुए समाज को प्रगतिशील, संगठित और अनुशासित समाज बताया तथा आयोजन की सराहना की।

सम्मेलन के दौरान क्षेत्र सहित अन्य जिलों से आए विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। यह आयोजन सामाजिक समन्वय और पारिवारिक संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रदेश संरक्षक दीपक सिन्हा द्वारा जिला कार्यकारिणी और पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। यह क्षण सामाजिक संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बना। संचालन समाज के वरिष्ठ भगवती प्रसाद सिन्हा व नरोत्तम सिन्हा तथा आभार शिवराम सिन्हा ने किया।

कार्यक्रम का समापन समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नयनाभिराम प्रस्तुतियों के साथ हुआ जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष दीनदयाल सिन्हा, जिला महामंत्री शिवराज सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष भगवती प्रसाद सिन्हा, संरक्षक शिवराम सिन्हा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरोत्तम सिन्हा, आनंद सिन्हा, बिसौहा सिन्हा, मंडलेश्वर कुंभलाल सिन्हा, दुलेश्वर जायसवाल, सचिव घनश्याम सिन्हा, कोषाध्यक्ष उदय सिन्हा, जिंकेश सिन्हा, महिला मंच की श्रीमती उमा सिन्हा, सीमा सिन्हा, रेणुका सिन्हा, युवा मंच के राजेश सिन्हा, ऋषभ सिन्हा, नागेंद्र सिन्हा, कमलेश सिन्हा, विक्की सिन्हा, प्रेमलाल सिन्हा, रघुनाथ सिन्हा, जीवन लाल सिन्हा, हीरा लाल सिन्हा, भीखम सिन्हा, संतोष सिन्हा, आत्मा राम सिन्हा, गोवर्धन सिन्हा, जगदीश सिन्हा, मिथलेश सिन्हा के साथ साथ समस्त ग्राम प्रमुख, क्षेत्राधिकारी का विशेष योगदान रहा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page