
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र केसीजी की पहल पर रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराना तथा शासन की उद्यमिता संबंधी योजनाओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक प्रणय बघेल ने कहा कि वर्तमान दौर में स्टार्टअप संस्कृति युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नवाचार और उद्यम स्थापना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है जिनका लाभ लेकर युवा स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए पात्र हितग्राहियों को परियोजना लागत पर अधिकतम 35 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किए जाने का प्रावधान है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक पात्रता शर्तों से भी अवगत कराया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अंतिम वर्ष के लगभग 80 विद्यार्थियों सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्रीबअग्रवाल ने विद्यार्थियों को विनिर्माण की व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से एक सप्ताह की कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव रखा जिस पर महाप्रबंधक द्वारा सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने उपयोगी बताते हुए स्वरोजगार की दिशा में मार्गदर्शक पहल बताया है।