जनभागीदारी से स्वच्छता का संदेश, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प
खैरागढ़, 24 सितंबर 2026//सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के दिशा-निर्देश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नदी एवं तालाब घाटों की साफ-सफाई के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों, ग्रामीणों एवं विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने सक्रिय जनभागीदारी निभाई। नदी एवं तालाब घाटों पर श्रमदान करते हुए आसपास बिखरे कचरे, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया गया। साथ ही ग्रामीणों को सार्वजनिक जलस्रोतों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता में जनभागीदारी
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता कार्यों से जोड़ते हुए सामूहिक श्रमदान को बढ़ावा दिया जा रहा है। खैरागढ़ के आमनेर नदी तट, छुईखदान के बंधाना तालाब तथा गंडई के तालाब एवं घाट सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से सार्वजनिक जलस्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और स्वच्छ परिवेश के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, सार्वजनिक उपयोगिता वाले स्थानों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना तथा स्वच्छता को जनभागीदारी के माध्यम से जन-आंदोलन का स्वरूप देना है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश भी दिया जा रहा है कि नदी, तालाब एवं उनके घाट केवल जलस्रोत ही नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन और पर्यावरण के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनकी स्वच्छता एवं संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
जिले में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में स्थानीय आवश्यकता एवं परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें सार्वजनिक स्थलों की सफाई, नदी-तालाब एवं घाटों की सफाई, कचरा संग्रहण एवं उचित निस्तारण, स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां तथा जनभागीदारी से श्रमदान सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा अपने गांव के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की गई है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छ गांव, स्वच्छ जलस्रोत और स्वच्छ परिवेश के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
