Uncategorized

मुआवजा वितरण में लापरवाही का आरोप- विधायक यशोदा वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को लगाई फटकार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नगर में बाढ़ पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजा वितरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुये प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मोजे की मांग को लेकर पीड़ितों का पक्ष लेते हुए विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को फटकार लगाई है। खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने अपनी मिशन संडे टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 18 अंबेडकर वार्ड, इतवारी बाजार सहित अन्य इलाकों में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान विधायक ने पीड़ितों को हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।

विधायक श्रीमती वर्मा बाढ़ में मृत युवक अमित यादव के घर पहुंचीं और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शोक संतप्त परिवार को शासन से मिलने वाली सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। ज्ञात हो कि बाढ़ में मृत युवक अपने परिवार का इकलौता कमाऊ पूत था।

खैरागढ़ में बार-बार आने वाली बाढ़ की पीड़ा से ग्रसित स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने पिछले वर्ष के बाढ़ मुआवजे में देरी की शिकायत विधायक के समक्ष रखी। लोगों ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान के बावजूद अधिकांश पीड़ितों को आज तक मुआवजा नहीं मिला है। इस पर नाराज विधायक श्रीमती वर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मुआवजा वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2024 के 177 बाढ़ पीड़ितों में से अब तक केवल 48 लोगों को ही मुआवजा मिल पाया है शेष प्रकरण शासन को भेजे जा चुके हैं। विधायक ने आश्वासन दिया कि इस वर्ष भी जिन लोगों को नुकसान हुआ है उनका त्वरित सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर पीड़ितों को राहत राशि प्रदान की जाये। इस दौरान खैरागढ़ एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, सीएमओ नरेश वर्मा, तहसीलदार आशीष देवहारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा वहीं कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन, नपा के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, विधायक प्रतिनिधि अरुण भारद्वाज, पूरन सारथी, भरत चंद्राकर, राधे पटेल, यतेन्द्रजीत सिंह छोटू, राजा सोलंकी, सूरज देवांगन, राहुल, सूरज महिलकर, भूपेंद्र वर्मा, हरी दर्शन सहित कांग्रेसी और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page