साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते का इस्तेमाल करने वाला आरोपी युवक गिरफ्तार

छुईखदान। साइबर ठगी और अवैध धन के लेन-देन में म्यूल बैंक खाते का इस्तेमाल करने के मामले में केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरशद खान (40 वर्ष) निवासी वार्ड क्र. 04 पठानपारा थाना छुईखदान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड के जरिए 50 हजार रुपये की अवैध रकम अर्जित करने में किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अरशद खान पर आरोप है कि उसने अपने बैंक खाते, पासबुक और एटीएम का इस्तेमाल अवैध धन के लेन-देन के लिए किया। आरोप है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं अन्य अवैध स्रोतों से धन अर्जित करने की गतिविधियों में शामिल था। इस दौरान आपराधिक षड्यंत्र के तहत छलपूर्वक कुल 50 हजार रुपये की रकम अर्जित किए जाने का मामला सामने आया। इस मामले में थाना छुईखदान में दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना छुईखदान पुलिस ने साइबर सेल केसीजी की मदद से आरोपी की पतासाजी शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर पुलिस ने अरशद खान को हिरासत में लेकर 22 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।उक्त कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल केसीजी की सराहनीय भूमिका रही।

↑
Exit mobile version