भाजपा नेता खम्हन ताम्रकार को ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह, बढ़ा राजनीतिक कद

खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में खैरागढ़ के सक्रिय भाजपा नेता और युवा समाजसेवी खम्हन ताम्रकार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय कार्यसमिति में स्थान पाने वाले वे एकमात्र नेता हैं वहीं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इस नियुक्ति को खम्हन ताम्रकार के लंबे संगठनात्मक अनुभव और पार्टी में बढ़ते राजनीतिक कद के रूप में देखा जा रहा है। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए भी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पूर्व विधायक कोमल जंघेल के बाद श्री ताम्रकार खैरागढ़ क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर के संगठन में स्थान पाने वाले दूसरे नेता बने हैं। सांसद संतोष पांडे के करीबी सहयोगियों में शामिल श्री ताम्रकार लंबे समय से भाजपा संगठन, विभिन्न निर्वाचित पदों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो खम्हन गंडई नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी अश्वनी ताम्रकार के पुत्र तथा वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका ताम्रकार के पति हैं। शहर की राजनीति के बाद ग्रामीण स्तर पर त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में उन्होंने लगातार निर्वाचित पदों पर चुनाव जीते हैं और इस मिथक को भी तोड़ा है कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लोधीवाद के आगे किसी अन्य जाति-बिरादरी के नेता जीत का परचम नहीं फहरा सकते। खम्मन ने अपनी राजनीतिक पहचान जमीनी स्तर पर संगठनात्मक कार्यों के जरिए बनाई है। वे छुईखदान जनपद पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में मंडल गंडई के शक्ति केंद्र प्रभारी, साल्हेवारा मंडल प्रभारी और गुंडरदेही विधानसभा प्रभारी जैसी जिम्मेदारियां निभाने के साथ भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला महामंत्री भी रहे हैं। वर्ष 2018 से भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में लगातार सदस्य के रूप में तीन कार्यकाल पूरे कर चुके हैं। वर्ष 2022 से जिला भाजपा की कोर कमेटी में भी उनकी भूमिका रही है। इसके अलावा जिले में ‘मोर आवास, मोर अधिकार’ अभियान के प्रभारी, राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में परिवर्तन यात्रा के सह प्रभारी और महाजनसंपर्क अभियान-2023 के सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली। लोकसभा चुनाव-2025 के दौरान खैरागढ़ विधानसभा के सह प्रभारी के रूप में भी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे है और आज भी राजनीतिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता बराबर बनी हुई है।

किसान मोर्चा में लंबे समय तक कार्य करने के कारण किसानों से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं। खेती-किसानी की समस्याओं से लेकर पिछड़ा वर्ग के हितों तक विभिन्न मुद्दों पर उनकी सक्रियता रही है। कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच निरंतर संवाद, सहज उपलब्धता तथा संगठन के प्रति समर्पण उनकी कार्यशैली की विशेषता मानी जाती है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उन्हें पिछड़ा वर्ग से जुड़े विषयों और ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार में राष्ट्रीय स्तर पर योगदान देने का अवसर मिलेगा। जनपद पंचायत से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर मंडल, विधानसभा, जिला और प्रदेश होते हुए राष्ट्रीय संगठन तक पहुंचा है। इस नियुक्ति से खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसे क्षेत्र के संगठनात्मक प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

↑
Exit mobile version