KCG

सही दवा, शुद्ध आहार को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट: जिले में 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आम नागरिकों को सुरक्षित खानपान और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान प्रारंभ किया है। “सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर आधारित यह अभियान आगामी 11 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले भर के खाद्य प्रतिष्ठानों, मेडिकल स्टोर्स, होटल, किराना दुकानों तथा अन्य व्यवसायिक संस्थानों में लगातार निरीक्षण और जांच की जाएगी। प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, औषधि निरीक्षक, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल है। टीम द्वारा खाद्य पदार्थों और दवाओं के नमूने एकत्र कर गुणवत्ता परीक्षण कराया जाएगा। मिलावटी खाद्य सामग्री, एक्सपायरी उत्पाद, नकली दवाएं अथवा मानकों के उल्लंघन के मामलों में संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विशेष अभियान के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में गठित खाद्य एवं औषधि प्रकोष्ठ की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान गुपचुप, मोमोस एवं गन्ना रस विक्रेताओं सहित करीब 20 दुकानों की जांच कर स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री के रखरखाव और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण में लापरवाही पाए जाने पर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की समझाइश दी।

कार्रवाई के दौरान सावरिया बादाम शेक सेंटर से बादाम शेक का एक सर्विलांस नमूना लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मिलावटी खाद्य सामग्री, संदिग्ध दवाओं या अनियमितताओं की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें। साथ ही खरीदारी के दौरान केवल प्रमाणित, गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित उत्पादों का ही उपयोग करें।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page