KCG

सलौनी पंचायत बना स्वच्छता मॉडल, घर-घर कचरा संग्रहण से बदली गांव की तस्वीर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ग्राम पंचायत सलौनी ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए एक नई मिसाल कायम की है। घर-घर से सूखे कचरे के नियमित संग्रहण और जनसहभागिता के बल पर पंचायत ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। पंचायत द्वारा अब तक 25 हजार 400 रुपये का यूजर चार्ज संग्रहित किया जा चुका है जिसे ग्रामीणों की बढ़ती जागरूकता और सहयोग का परिणाम माना जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के क्रियान्वयन को लेकर जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत सलौनी ने स्वच्छता प्रबंधन को व्यवस्थित स्वरूप दिया है। पंचायत के नेतृत्व में सलौनी एवं केकराजबोड़ में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित की जा रही है। स्वच्छताग्राही समूह को गारबेज ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराए जाने के बाद संग्रहण कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। पंचायत एवं स्वच्छताग्राही समूह के संयुक्त प्रयासों से गांव में ठोस अपशिष्ट का पृथक्करण, संग्रहण और साफ सफाई का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए पंचायत द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान, विशेष शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का असर गांव में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। ग्रामीण न केवल स्वच्छता गतिविधियों में भागीदारी कर रहे हैं बल्कि स्वच्छता शुल्क जमा करने में भी उत्साह दिखा रहे हैं। हाल ही में आयोजित गारबेज ट्राइसाइकिल हस्तांतरण एवं स्वच्छता समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों, स्वच्छताग्राही समूह के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने पंचायत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित सफाई व्यवस्था से गांव का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित हुआ है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page