Advertisement
Uncategorized

सर्वधर्म समभाव के साथ मनाया गया जिला स्तरीय चिंतन दिवस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जिला संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा संस्थापक लॉर्ड बेडेन पावेल के जन्मदिवस के अवसर पर जिला स्तरीय चिंतन दिवस श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खैरागढ़ के प्रशिक्षण हॉल में किया गया जहाँ स्काउटिंग की मूल भावना सेवा, अनुशासन और भाईचारे का जीवंत स्वरूप देखने को मिला। आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी एवं डाइट प्राचार्य निहारिका कर्महे के मार्गदर्शन तथा जिला सचिव के.के.वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा लॉर्ड बेडेन पावेल एवं लेडी ओलाव बेडेन पावेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। स्काउटिंग परंपरा के अनुरूप जिला सचिव द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को कमिश्नर स्टाफ पहनाकर सम्मानित किया गया।

चिंतन दिवस का मुख्य आकर्षण सर्वधर्म प्रार्थना रही जिसमें स्काउटर, गाइडर, स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने मंच साझा कर आपसी भाईचारे, नैतिक मूल्यों और मानव सेवा के महत्व पर विचार व्यक्त किए जहाँ सर्वप्रथम बौद्ध धर्म से सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग शांति तुरे ने भगवान बुद्ध की जीवनमयी साधना ‘विपश्यना’ के परम सूत्र ‘आनापान’ एवं ‘डीप ब्रीदिंग’ की जानकारी देते हुए कहा कि “मानवता ही सभी धर्मों का मूल मंत्र है। विपरीत परिस्थितियों में भी मनोबल ऊंचा रखकर सफलता प्राप्त की जा सकती है। हिंदू धर्म से भागवत शरण सिंह ने कहा कि “अनुशासन ही जीवन की सबसे बड़ी साधना है। प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती और धर्म हमें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
साथ ही मुस्लिम धर्म के प्रतिनिधि मोहम्मद खलील कुरैशी, सिख धर्म से हरजीत सिंह, ईसाई धर्म से शैलेंद्र मसीह व जैन धर्म से सुनील जैन ने प्रेम मानवीयता, करुणा और क्षमा को समाज की आधारशिला बताया।

इस अवसर पर जिला संघ द्वारा जुनवानी में आयोजित तृतीय सोपान परीक्षा में सफल स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया साथ ही 6 से 13 जनवरी तक बालोद जिले के ग्राम दूधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जंबूरी में सेवाएं देने वाले स्काउटर एवं गाइडर को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाजसेवी भागवत शरण सिंह, अनुराग शांति तुरे, मोहम्मद खलील कुरैशी, शैलेंद्र मसीह, हरजीत सिंह, सुनील जैन, शिक्षक कमलेश्वर सिंह, पत्रकार आकाश तिवारी, युवा नेता उत्तम दसारिया एवं मंगल सारथी सहित अन्य अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी, जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, विकासखंड सचिव सुनील गुनी, जिला संगठन आयुक्त धनुष सिंहा, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) ललिता कोसारे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) विशाल ठाकुर सहित संजू कंवर, हेमलाल वर्मा, नीलू सिंह, रामलाल साहू, त्रिलोक यादव, डाइट के छात्र-शिक्षक तथा जिले भर से बड़ी संख्या में स्काउटर, गाइडर, स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर उपस्थित रहे। चिंतन दिवस के आयोजन में संस्थापक पावेल दम्पति को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर सर्वधर्म समभाव, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करने का प्रेरक मंच बना जो भावी पीढ़ी के लिए उत्साहवर्धक और ज्ञानवर्धक रहा ।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page