KCGटॉप न्यूज़

सर्रागोंदी में बदहाल व्यवस्था से ग्रामीण परेशान, गंदगी और जलभराव से बढ़ा बीमारी का खतरा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकास के दावों के बीच ग्राम सर्रागोंदी की स्थिति इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। गांव में पिछले कई दिनों से फैली गंदगी और जलभराव की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या लगातार बढ़ती जा रही है लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन अब तक गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव की नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं जिसके चलते गंदा पानी गलियों और सड़कों पर जमा हो रहा है। करीब 20 दिनों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कीचड़ और दुर्गंध के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं कराई गई। गांव में चल रहे नाली और सड़क निर्माण के कुछ कार्य भी अधूरे पड़े हैं।जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों का कहना है कि गांव की समस्याओं को लेकर स्थानीय सरपंच भी उदासीन बने हुए हैं। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से गंदगी और जलभराव के बीच रहने को मजबूर हैं लेकिन उनकी परेशानियों को सुनने वाला कोई नहीं है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page