समाधान ऐप से किरायेदार सत्यापन के लिये जिला पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस द्वारा समाधान ऐप के माध्यम से विशेष किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है जिसमें आम नागरिकों को किरायेदार सत्यापन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी घर-घर व्यापारिक प्रतिष्ठानों कार्यालयों और अन्य संस्थानों में पहुंचकर मकान मालिकों व्यवसायियों तथा भवन स्वामियों को समाधान ऐप के जरिए किरायेदारों का सत्यापन कराने की प्रक्रिया समझा रहे हैं। साथ ही उन्हें बताया जा रहा है कि समय पर सत्यापन कराने से संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान करने में आसानी होती है तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। पुलिस ने सभी मकान मालिकों से अपील की है कि यदि उन्होंने मकान दुकान कार्यालय गोदाम या अन्य परिसर किराये पर दिया है तो वहां रहने या कार्य करने वाले प्रत्येक किरायेदार का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। यह प्रक्रिया जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केसीजी पुलिस ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति गतिविधि या घटना दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण में जनसहयोग सबसे प्रभावी माध्यम है और जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं।

“समाधान ऐप के माध्यम से अपने किरायेदार का सत्यापन अवश्य कराएं। आपका सहयोग ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

Exit mobile version