Advertisement
Uncategorized

सभी महापुरुषों ने मानवता की स्थापना में निभाई अहम भूमिका: विप्लव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में बीते पखवाड़े भर सतनाम धर्म के प्रवर्तक बाबा गुरु घासीदास की जयंती विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में जिला पंचायत राजनांदगांव के पूर्व सभापति विप्लव साहू ग्राम दिलीपपुर खुर्सीपार एवं नवागांव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विप्लव साहू ने कहा कि समाज के निर्माण और विकास में अनेक महापुरुषों ने सामाजिक चेतना और मानव मूल्यों को स्थापित करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों द्वारा किए गए सामाजिक सुधारों और वैचारिक प्रयासों के कारण ही आज समाज सभ्यता और विकास की दिशा में आगे बढ़ सका है। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास का योगदान समाज सुधार के क्षेत्र में अद्वितीय है। जिस समय समाज असमानता जातिवाद और भेदभाव से ग्रस्त था उस दौर में गुरु घासीदास ने मानवीय एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई। उनके द्वारा दिया गया संदेश मनखे-मनखे एक समान आज भी सामाजिक समरसता का आधार है। विप्लव साहू ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने अपना संपूर्ण जीवन मानवता समानता और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया। यही कारण है कि आज उनके विचार केवल किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं बल्कि समूचा समाज उनसे प्रेरणा ले रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सात सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाया जाए। यदि व्यक्ति इनमें से कुछ सिद्धांतों को भी व्यवहार में उतार ले तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से संभव है। कार्यक्रम में एड. रामकुमार जांगड़े, सी.एस. कोठले, त्रिभुवन साहू, नरेंद्र टंडन, प्रवीण बंजारे, नितेश टंडन, सुखराम टंडन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page