KCG

सफाई कर्मचारी मां की बेटी ने रचा सफलता का इतिहास

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। ग्राम डुडा की मल्लिका धुर्वे ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। प्रथम काउंसलिंग में उनका चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा में MBBS पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। मल्लिका की यह उपलब्धि उनकी मां नेमबाई धुर्वे के वर्षों के संघर्ष और बेटी के सपनों के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। नेमबाई धुर्वे वर्ष 2011 से शासकीय प्राथमिक शाला डुडा में सफाई कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। मल्लिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से कक्षा पांचवीं तक प्राप्त की जहां उनकी मां सेवाएं देती हैं। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ से कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई पूरी की। मल्लिका ने स्कूली शिक्षा के दौरान ही डॉक्टर बनने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। निरंतर मेहनत अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने NEET जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की। बेटी के MBBS में चयन की खबर से मां नेमबाई धुर्वे सहित पूरा परिवार खुशी और गर्व से भर उठा।

मल्लिका की सफलता पर शासकीय प्राथमिक शाला डुडा में भी खुशी का माहौल रहा। प्रधान पाठक दीपक सिंह राजपूत एवं शिक्षिका कीर्तिका महतो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मल्लिका को उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की पूर्व छात्रा का MBBS में चयन पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है और उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी इस अवसर पर संकुल समन्वयक दीपचंद गुप्ता, सरपंच गजेश वर्मा, SMC अध्यक्ष राजेश सोनी, हीरालाल वर्मा, सुरेंद्र कुमार वर्मा, पूर्व जनपद सदस्य दिनेश वर्मा, वरिष्ठ नागरिक जीवराखन वर्मा सहित ग्रामीण एवं माताएं उपस्थित रहीं। सभी ने मल्लिका और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मल्लिका की सफलता यह संदेश देती है कि सीमित साधनों के बावजूद मेहनत लगन और परिवार के मजबूत संबल से बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि मां के संघर्ष और बेटी के संकल्प की ऐसी कहानी है जो क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page