Uncategorized

जंतु विज्ञान विभाग में पूर्व विद्यार्थियों का संगम, छात्रों को मिला करियर मार्गदर्शन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग में पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता से एलुमनी मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य पुराने विद्यार्थियों और वर्तमान छात्र-छात्राओं के बीच संवाद स्थापित करना तथा शैक्षणिक व शोध गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन से की गई। प्राचार्य डॉ. ओ.पी. गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति में एलुमनी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनता है और उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारण में सहायता मिलती है। विभागाध्यक्ष ने विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों शोध कार्यों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शामिल पूर्व विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्य अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उच्च शिक्षा की संभावनाओं अनुसंधान क्षेत्र में करियर पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के महत्व पर विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी दी। एलुमनी सदस्यों ने छात्रों को अनुशासन नियमित अध्ययन और व्यावहारिक ज्ञान को प्राथमिकता देने की सलाह दी। आयोजन के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी रखा गया जिसमें विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप रिसर्च स्कॉलरशिप और रोजगार अवसरों से संबंधित जिज्ञासाएँ रखीं। एलुमनी सदस्यों ने अपने अनुभवों के आधार पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर एलुमनी नेटवर्क को सशक्त बनाने के लिए समय समय पर बैठक मेंटरशिप कार्यक्रम और अतिथि व्याख्यान आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के समापन पर एलुमनी सदस्यों का स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया। आयोजन में निशा दुबे, अजीत साहू, विकास कुमार, खुशबू सिन्हा, भारती वर्मा, प्रेमा कोसरे, अर्चना सिरमौर, वंदना, प्रियंका, मनीष, शैलेन्द्र, युवराज और राही मांडवी सहित कई पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page