KCG

सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की मौत, रायपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के दाऊचौरा निवासी 48 वर्षीय शिक्षिका मर्सी बचईया का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था जहां जीवन रक्षक प्रणाली और चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार मर्सी बचईया खैरागढ़ के वेसलियन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे वह अपने पुत्र के साथ दोपहिया वाहन से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान नगर के किल्लापारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में फंस गया। इससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें जिला सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें राजनांदगांव रेफर कर दिया वहां से उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें रायपुर स्थित एम्स ले गए जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मर्सी अपने सरल स्वभाव, अनुशासित व्यक्तित्व और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित शिक्षण शैली के लिए जानी जाती थी। उनके निधन की खबर मिलते ही स्कूल प्रबंधन, सहकर्मियों और विद्यार्थियों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा है जिसके बाद राजनांदगांव स्थित क्रिश्चियन कब्रिस्तान में उनका ईसाई धर्म के रीति अनुसार अंतिम संस्कार किया गया है वहीं स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page