
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत शहर कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई जिसमें संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय कार्ययोजना बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसका मजबूत संगठन होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सक्रिय होकर आम जनता के बीच जाएं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। शहर प्रभारी विजय वर्मा ने संगठन में एकजुटता बनाए रखने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। जिला पं. मिहिर झा ने संगठनात्मक मजबूती को सफलता की कुंजी बताते हुए कार्यकर्ताओं को निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी। जिला सचिव पलाश सिंह ने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि युवा शक्ति के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि खैरागढ़ में कांग्रेस संगठन तेजी से सशक्त हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि हर वार्ड और बूथ स्तर पर जाकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ता ही परिवर्तन की मुख्य ताकत बनेंगे। कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गरीब किसान और युवाओं की आवाज रही है और पार्टी जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से संगठन और अधिक मजबूत होकर उभरेगा। बैठक में अनुराग तुरे, दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव, मनोहर सेन, यतेंद्रजीत सिंह, नित्य शरण सिंह, राजा सोलंकी, भारत चंद्राकर, मोहित भोडेकर, गिरीश सारथी, किशन रजक, संत निषाद, लाल अमित सिंह, श्रद्धा अग्रवाल, मेघा जैन, रेशमा सोलंकी, अजय देवांगन, गीता सारथी, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, शिवम यादव, रतन सिंगी, राहुल बंजारे, रत्नेश सारथी, केवल दास टंडन, विनोद सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


