
जिले के लिए पुल-सड़क और आधारभूत ढांचे पर विशेष फोकस
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के संकल्प बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य की जनभावनाओं के अनुरूप बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश को विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ाने वाला दस्तावेज है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी तथा सांसद संतोष पांडे को बधाई देते हुए उन्होंने इसे संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ता बजट करार दिया। विक्रांत सिंह ने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। महतारी वंदन योजना महतारी सदन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क पानी और पुल-पुलिया निर्माण के लिए प्रावधान सकारात्मक पहल है। इससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं को प्रोत्साहित करने संबंधी घोषणाएं प्रेरणादायी हैं जिससे अधिकाधिक युवा प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में भागीदारी कर सकेंगे।
जिले को मिली महत्वपूर्ण सौगातें
नवगठित जिला खैरागढ़ छुईखदान गंडई की लंबे समय से लंबित मांगों को बजट में शामिल किए जाने पर उन्होंने विशेष संतोष व्यक्त किया। गंडई लिमो दुल्लापुर मार्ग पर कर्रा नाला गंडई-कृतबांस मार्ग पर सुरही नदी तथा चिचका कुरूभाठ सहित विभिन्न स्थानों पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए प्रावधान किया गया है।एस.एच.-21 धमधा गंडई मार्ग पर दनिया नाला, कोपरो ग्वालघुंडी मार्ग के तीन नालों पर पुल निर्माण, कुकुरमुड़ा सिघौरी मार्ग के मजबूतीकरण सहित कई ग्रामीण सड़कों के निर्माण व उन्नयन के लिए राशि स्वीकृत की गई है। बीरूटोला गडबांजा, सोनपुरी कुटेली, गातापार कला विष्णुपुर, गभरा-शाखा, तेन्दुभाठा ओटेबंध, बीरूटोला कुलीकसा, उदयपुर खैरी बेंगरी भरदा तथा कुकुरमुड़ा गुमानपुर मार्गों के निर्माण कार्य भी बजट में शामिल हैं। धमधा गंडई मार्ग के सर्वेक्षण खैरागढ़ में 500 मीटर मल्टीपर्पस हॉल निर्माण जिला जेल की सुरक्षा संबंधी कार्य तथा कृषि एवं पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला भवन निर्माण को भी बजट में स्थान दिया गया है। विक्रांत सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जिले में आवागमन सुलभ होगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट विकास की नई इबारत लिखेगा।