
दीक्षारंभ समारोह में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं गतिविधियों की दी जानकारी
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार अतरिया में शिक्षक दिवस एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। प्राचार्य डॉ. जयंती विश्वास के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापक कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति तथा महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजार अतरिया के प्राचार्य आर.के. वर्मा रहे।
दीक्षारंभ सत्र में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
दीक्षारंभ सत्र में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पाठ्यक्रम विषय चयन परीक्षा प्रणाली अनुशासन उपस्थिति एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ सांस्कृतिक साहित्यिक खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन जीवन व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने बांधा समां
शिक्षक दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर गीत नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने सराहा।
शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार : आर.के. वर्मा
मुख्य अतिथि आर.के. वर्मा ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य को दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक विद्यार्थियों में संस्कार अनुशासन नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित कर राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाते हुए शिक्षा को जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथि प्राध्यापकों कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह में विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।