शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मड़ौदा में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मड़ौदा में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं संपूर्ण व्यवस्था कक्षा छठवीं और सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक संभाली गई। छोटे बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों का सम्मान किया तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने भी विद्यालय में बिताए पलों को याद करते हुए शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं शायरी और भावनात्मक वक्तव्यों के माध्यम से व्यक्त कीं। विद्यार्थियों की अभिव्यक्तियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में अनुशासन संस्कार और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ सुसंस्कृत एवं सफल जीवन के लिए प्रेरित किया है। कार्यक्रम में प्रधान पाठक डॉ. विनीत राजपूत, मनोज कुमार वैष्णव, भारत राम वर्मा, योगेश कुमार वर्मा एवं रंजीता धुर्वे सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।

Exit mobile version