शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्ती, 12 चालक न्यायालय भेजे गए

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राजनांदगांव रेंज पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में केसीजी जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना चौकी एवं यातायात शाखा द्वारा बुधवार को सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए 12 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरणों में थाना छुईखदान क्षेत्र से 5, ठेलकाडीह से 1, गंडई से 1 तथा यातायात शाखा से 5 वाहन चालक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 106 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई जिसके तहत खैरागढ़ में 26, गंडई में 6, ठेलकाडीह में 12, मोहगांव में 5, साल्हेवारा में 10, गातापार में 4, जालबांधा चौकी क्षेत्र में 7 तथा यातायात शाखा द्वारा 36 मामलों में चालान काटे गए। इन सभी प्रकरणों में कुल 31 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस प्रशासन द्वारा बताया गया है कि जिन प्रकरणों में नियमों के तहत ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन का प्रावधान है उन्हें अलग से परिवहन विभाग को भेजा जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तथा लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version