
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त 55 सीटर वातानुकूलित (एसी) बस को राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमेन डेका ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.(डॉ.) लवली शर्मा ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन से एसी बस एवं एम्बुलेंस की मांग की थी। उक्त मांग को त्वरित संज्ञान लेते हुए शासन ने 55 सीटर एसी बस एवं एम्बुलेंस दोनों की स्वीकृति विश्वविद्यालय को प्रदान की और स्वीकृति उपरांत बस विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस सुविधा भी शीघ्र ही उपलब्ध होने वाली है। बस के विश्वविद्यालय पहुंचते ही कुलपति ने विधिवत पूजा अर्चना की। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी–कर्मचारियों ने भी बस सुविधा मिलने पर खुशी जाहिर की और विश्वविद्यालय के लिए इसे बड़ी उपलब्धि बताई।
इस नई बस की सुविधा मिलने से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों एवं राज्य के बाहर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने जाने वाले छात्रों के लिए आवागमन अब अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा। यह पहल न केवल विद्यार्थियों की यात्रा को सरल बनाएगी बल्कि विश्वविद्यालय की गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी। इस अवसर पर सहायक कुलसचिव विजय सिंह, प्रभारी कुलपति सचिवालय सीपी गायकवाड़, सहायक प्राध्यापक डॉ.मंगलानंद झा, राजेंद्र सिंह, अमित सिंह व प्रखर सिंह सहित अधिकारी– कर्मचारी उपस्थित रहे।