KCG

जिला पशु क्रूरता निवारण समिति का गठन, राजीव चंद्राकर बने अशासकीय उपाध्यक्ष, उत्तम दशरिया अशासकीय सदस्य मनोनीत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले में पशु संरक्षण, पशु कल्याण एवं पशु क्रूरता की रोकथाम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पशु क्रूरता निवारण समिति का गठन किया गया है। समिति के गठन के साथ ही समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव चंद्राकर को अशासकीय उपाध्यक्ष तथा समाजसेवी उत्तम दशरिया को अशासकीय सदस्य मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति पर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। माना जा रहा है कि दोनों समाजसेवियों के अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं संवेदनशील कार्यशैली से जिले में पशु संरक्षण, पशु कल्याण तथा पशु क्रूरता की रोकथाम के प्रयासों को नई दिशा और गति मिलेगी। समिति शासन एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा जनजागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के अध्यक्ष जिला कलेक्टर तथा उपाध्यक्ष जिला पुलिस अधीक्षक होंगे। समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग एवं छत्तीसगढ़ राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल हैं। इसके अलावा खैरागढ़, जानबांधा, छुईखदान, गंडई एवं सालेवारा के प्रभारी पशु चिकित्सकों को भी समिति में सदस्य बनाया गया है। समिति का उद्देश्य जिले में पशुओं के प्रति होने वाली क्रूरता की रोकथाम, पशु कल्याण संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा समाज में पशु संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। समिति ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और किसी भी प्रकार की पशु क्रूरता की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर पशु संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनें। “पशु सेवा ही मानव सेवा है” के संदेश के साथ जिलेवासियों से पशु सुरक्षा एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page