
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही खैरागढ़ जिले में गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है वहीं लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। बीते कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के प्रभाव से मौसम में हल्की नरमी बनी हुई थी। कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश जैसी स्थिति भी देखने को मिली थी लेकिन अब सिस्टम कमजोर पड़ते ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम रही जबकि ठंडे पेय, मटकी और शीतल जल से जुड़े सामानों की मांग बढ़ गई है।

स्कूलों की टाइमिंग बदली
तेज गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल संचालन समय में बदलाव किया है। नए निर्देश के अनुसार 9 अप्रैल से जिले के स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। दोपहर की तेज धूप में बच्चों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, सिर ढंककर निकलने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
मई-जून में और कठिन हो सकते हैं हालात
गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले के ग्रामीण इलाकों में भूजल स्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। कई स्थानों पर हैंडपंप और बोरवेल का जलस्तर नीचे जाने लगा है। यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट गहरा सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार ला नीना प्रभाव के कारण गर्मी सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं यदि अप्रैल में ही तापमान 40 डिग्री पार कर रहा है तो मई-जून में जिले में हीट वेव जैसे हालात बनने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।



