शिक्षा

लोकभवन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने दी बिहू नृत्य की शानदार प्रस्तुति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रायपुर स्थित लोकभवन में असम, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा और उत्तरप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने असम के पारंपरिक लोकनृत्य बिहू की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के लिए कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के निर्देशानुसार कथक ओडिसी एवं लोक संगीत विभाग के विद्यार्थियों को लोकभवन भेजा गया था। विद्यार्थियों के साथ सहायक प्राध्यापक डॉ. शिवाली सिंह, सुशांत दास और डॉ. अजय पांडेय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने डॉ. शिवाली सिंह के निर्देशन में असम के लोकप्रिय लोकनृत्य बिहू की मनमोहक और प्रभावशाली प्रस्तुति दी जिसे उपस्थित दर्शकों ने भरपूर सराहना दी। इस अवसर पर रमेन डेका जो राज्यपाल एवं कुलाधिपति हैं ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल सांस्कृतिक आदान प्रदान तक सीमित नहीं हैं बल्कि भावनात्मक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत विविधता में एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस एक दूसरे के साथ मिलकर मनाए जाते हैं। इसी क्रम में लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में इन पांच राज्यों का स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने भी विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page