
मैनेजर को चाकू दिखाकर की थी पैसों की मांग
आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पुलिस ने धर-दबोचा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पुलिस ने खैरागढ़ के गोल बाजार स्थित आदित्य लॉज के मैनेजर से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को शाम करीब 3:45 बजे खैरागढ़ स्थित आदित्य लॉज में मैनेजर नितेश यादव उर्फ राजा यादव अपने काउंटर पर बैठे थे। इसी दौरान तुरकारी पारा निवासी भोला उर्फ भोजराज पटेल और नया बस स्टैंड के पीछे रहने वाला बाउ उर्फ पवन चन्द्राकर वहां पहुंचे और उनसे पैसों की मांग करने लगे। जब मैनेजर ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। घटना के दौरान आरोपी पवन चन्द्राकर ने अपने पास रखे चाकू को लहराकर भय का माहौल बनाया जबकि भोजराज पटेल ने हाथ-मुक्कों से हमला किया। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 22 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी पवन चन्द्राकर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को देने के बाद सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई जारी
खैरागढ़ पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक और गुंडा तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

