अपराध

उज्ज्वला योजना में वसूली का आरोप, जांच की मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के तहत गरीब हितग्राहियों को निशुल्क गैस कनेक्शन देने की योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है। जनपद पंचायत छुईखदान के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जल संसाधन सभापति डोमार सिंह भेड़िया ने ब्लॉक फूड इंस्पेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच की मांग की है। सभापति भेड़िया ने आरोप लगाया है कि गंडई स्थित एचपी गैस एजेंसी द्वारा योजना के पात्र हितग्राहियों से गैस कनेक्शन देने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि शासन की इस योजना के तहत गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन निशुल्क दिया जाना चाहिए लेकिन क्षेत्र में कई हितग्राहियों से करीब दो हजार रुपए लेकर कनेक्शन दिया जा रहा है। उन्होंने इसे शासन की महत्वाकांक्षी योजना का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि गरीब हितग्राहियों से पैसे लेना उनके साथ अन्याय है। यदि निशुल्क योजना के नाम पर राशि वसूली की जा रही है तो यह गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। सभापति ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा है कि भविष्य में किसी भी हितग्राही से उज्ज्वला योजना के नाम पर अवैध राशि न ली जाए इसके लिए प्रशासन ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page