अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की कलेक्टर ने की समीक्षा
योजनाओं की प्रगति और जनशिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने और विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक में उन्होंने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, निर्माण कार्यों और जनशिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य, उपलब्धियां और विकास कार्यों की प्रगति संबंधी जानकारी नियमित रूप से अद्यतन की जाए। पोर्टल में दर्ज आंकड़े वास्तविक स्थिति के अनुरूप और त्रुटिरहित होने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्यपूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार करने, लंबित कार्यों में तेजी लाने और पोर्टल की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर चंद्रवाल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और लंबित आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से करें। उन्होंने निर्माणाधीन विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने पर जोर दिया। बैठक में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खाद्य और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समय-सीमा पोर्टल में दर्ज प्रकरणों का नियमित परीक्षण करने तथा उनके निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाममूलक कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
