Advertisement
Uncategorized

रैंप योजना के तहत छिंदारी पर्यटन केंद्र में उद्यमियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केंद्र सरकार की रैंप योजना के तहत जिले के पर्यटन केंद्र छिंदारी में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों के लिए तीन दिवसीय सेक्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय और राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत सीएसआईडीसी रायपुर के मार्गदर्शन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। कार्यक्रम में 30 से अधिक स्थानीय उद्यमियों विशेषकर महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना रहा। पहले दिन प्रतिभागियों से संवाद कर उनके व्यवसाय, कार्य प्रणाली और चुनौतियों को समझा गया। साथ ही विशेषज्ञों ने व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए पर्यटन क्षेत्र में संभावनाओं और संस्थागत व्यवस्थाओं पर जानकारी दी। दूसरे दिन प्रतिभागियों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी प्रावधानों, कौशल विकास कार्यक्रमों, विपणन रणनीतियों और उद्यम पंजीयन की प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया वहीं अंतिम दिन आयात निर्यात संभावनाओं, विभागीय समन्वय और पर्यटन उद्योग में भविष्य की मांगों पर चर्चा की गई। साथ ही होटल परिवहन गाइड सेवाओं, स्थानीय संस्कृति एवं हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को शासकीय योजनाओं के लाभ, ऋण सुविधाओं, कार्यशील पूंजी प्रबंधन तथा प्रस्तुतीकरण तकनीकों की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष रुचि दिखाई जा रही है। इस दौरान उद्योग विभाग के अधिकारी प्रणय बघेल तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधि चेतन चंदेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन भी किया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए इसे व्यवसाय विस्तार में सहायक बताया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक लोकेश सिन्हा और तुषार साहू ने प्रशिक्षण संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page