राज्य स्तरीय बैठक में पीएलव्ही गोलूदास सम्मानित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय बैठक के दौरान पैरालीगल वॉलिंटियर गोलूदास साहू को उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा के करकमलों से प्रशस्ति पत्र के रूप में प्रदान किया गया। यह राज्य स्तरीय बैठक राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रदर्शन एवं मूल्यांकन विषय पर गुरुवार 18 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा रहे। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति संजय के.अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू उपस्थित रहे। बैठक में उच्च न्यायालय के अन्य माननीय न्यायाधीशों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के अध्यक्ष विजय कुमार होता के निर्देशन एवं सचिव निलेश जगदल्ला के मार्गदर्शन में कार्यरत पैरालीगल वॉलिंटियर गोलूदास साहू को वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 की राष्ट्रीय लोक अदालतों के दौरान विवादों के सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण निराकरण में उल्लेखनीय सहयोग तथा निरंतर अथक प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
गोलूदास ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों और विधिक सेवा संस्थानों के बीच सेतु बनकर न्याय तक पहुंच को सुलभ बनाने, कानूनी जागरूकता फैलाने तथा आपसी सहमति से विवाद समाधान को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके समर्पण, धैर्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रशस्ति पत्र के माध्यम से विशेष रूप से सराहा गया। इस सम्मानजनक उपलब्धि पर तालुका विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि शर्मा तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आकांक्षा खलखो ने गोलूदास साहू को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Exit mobile version