
पांडादाह/खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के ढाई वर्ष बाद आखिरकार राजगामी संपदा न्यास पांडादाह के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्णिमा साहू व उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी शुक्रवार को पांडादाह स्थित भगवान जगन्नाथ जी के मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना कर जगन्नाथ जी का आशीर्वाद लिये। अध्यक्ष पूर्णिमा साहू व उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी के पांडादाह प्रवास के दौरान जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया जिसके पश्चात अध्यक्ष पूर्णिमा साहू व उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने समिति के सदस्यों से परिचय प्राप्त कर पांडादाह स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए बेहतर कार्य करने की बात कही। अध्यक्ष पूर्णिमा साहू ने मीडिया से चर्चा के दौरान सर्वप्रथम भगवान जगन्नाथ जी व रानी स्व. सूर्यमुखी देवी को नमन करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया और कहा कि आप सबके मार्गदर्शन से जो कार्य प्राथमिकता में होगा उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ जी के मंदिर के विकास के साथ ही बेहतर कार्य करने का प्रयास करेंगे वहीं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने कहा कि मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को पार्टी संगठन के वरिष्ठों ने जो बड़ी जिम्मेदारी दी है वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और युवा जोश के साथ मिलकर बेहतर कार्य करेंगे। भगवान जगन्नाथ जी मंदिर परिसर में नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत के पश्चात मंदिर सेवा समिति के सदस्यों के साथ उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुविधाओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली साथ ही साथ रियासतकालीन पांडादाह के इतिहास की भी जानकारी ली।
इस दौरान अखिल भारतीय पुरोहित समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवकुमार निर्वाणी, राजनांदगांव की पूर्व पार्षद जमुना देवी साहू, पिछड़ा मोर्चा की उपाध्यक्ष कांति मौर्य, श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष पंडित मिहिर झा, संरक्षक ओम झा, रामेश्वर रामटेके, डॉ.प्रशांत झा, गौतम चंद जैन, जनपद सदस्य सरस्वती यदु, सचिव राजू यादव, कोषाध्यक्ष सतेन्द्र साहू, सुयश खरे, रघुनाथ वर्मा, पुजारी संतोष वैष्णव, ललित साहू, प्रमिला रजक, लक्ष्मी रजक, विनीता जैन, आरती महोबिया, हेमपुष्पा यदु, दरोगा राजकुमार यदु सहित मंदिर सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।