
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल गंडई में छुईखदान विकासखंड के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 विद्यार्थियों के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय लाल जे.के. वैष्णव का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, वंदना एवं राजकीय गीत प्रस्तुति के साथ की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि नीलमचंद सांखला के न्यायिक जीवन से जुड़े अनुभवों और सिविल जज से जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल तक की उनकी कार्ययात्रा पर प्रकाश डाला गया। मां धापी के सहयोग एवं सेठ तखतमल कंवरलाल सांखला छुईखदान के तत्वावधान में मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय छोटे राजा परिवार छुईखदान से जुड़े तथा खैरागढ़ कॉलेज के सेवानिवृत्त ग्रंथपाल लाल जे.के. वैष्णव को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में नीलमचंद सांखला ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए नियमित अध्ययन एकाग्रता और लिखकर पढ़ने की आदत विकसित करने पर जोर दिया। वहीं लाल जे.के. वैष्णव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेन्द्र सुधाकर, प्राचार्य पवन ददरिया, पूर्व बीआरसी सतीश श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, ग्रामीण बैंक गंडई शाखा प्रबंधक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सतीश श्रीवास्तव ने किया जबकि आभार प्रदर्शन गिरेन्द्र सुधाकर ने व्यक्त किया।
