
छुईखदान पुलिस ने स्कूटी और बाइक बरामद कर भेजा जेल
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और एक मोटरसाइकल बरामद की गई है जिनकी कुल कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार शराब भट्ठी छुईखदान के पास खड़ी स्कूटी और बाइक चोरी होने की शिकायत मिलने पर थाना छुईखदान में अलग अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कोड़का निवासी मनोहर साहू और रोहित वर्मा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उन्होंने वाहन चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपियों के कब्जे से मेस्ट्रो स्कूटी क्रमांक सीजी 08 वी 9329 तथा हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकल क्रमांक सीजी 08 ऐसी 6973 बरामद की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर दोपहिया वाहनों को आसानी से चोरी करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सलोनी भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।