ससदेव अरण्य में जंगलों की कटाई और खनन पर भाजपा सरकार से मांगा जवाब
राष्ट्रीय महिला कांग्रेस सचिव ने कहा- कांग्रेस शासन में सवाल उठाने वाली स्मृति ईरानी अब अपनी सरकार की जवाबदेही तय
करेंखैरागढ़। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं तेलंगाना प्रभारी मयूरी सिंह ने छत्तीसगढ़ में महिला सुरक्षा और आदिवासी महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग की है। मूलत: खैरागढ़ की रहने वाली मयूरी ने सवाल किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठाने वाली स्मृति ईरानी आज प्रदेश में अपनी ही पार्टी की सरकार से जवाबदेही क्यों नहीं मांग रहीं? मयूरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब भाजपा की सरकार है और स्मृति ईरानी को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में महिलाओं को यह जानने का अधिकार है कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद किसी भी सरकार की जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती। विपक्ष में रहते हुए जिन मुद्दों पर सवाल उठाए जाते हैं, सत्ता में आने के बाद उन्हीं मुद्दों पर अपने काम का हिसाब देना भी जरूरी है।*हसदेव अरण्य पर भाजपा अपना रुख स्पष्ट करे*मयूरी सिंह ने हसदेव अरण्य में जंगलों की कटाई और खनन से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी महिलाओं का जीवन, आजीविका और सांस्कृतिक पहचान जल, जंगल और जमीन से गहराई से जुड़ी है। ऐसे में प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और प्रभावित परिवारों के अधिकारों को सुरक्षित रखना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मयूरी ने सवाल किया कि हसदेव अरण्य के संदर्भ में आदिवासी महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए भाजपा सरकार की क्या कार्ययोजना है? इस विषय पर स्मृति ईरानी का रुख क्या है और प्रभावित समुदायों के हितों की रक्षा के लिए सरकार कौन-से ठोस कदम उठा रही है?*महिला सुरक्षा पर दोहरा मापदंड अपना रही भाजपा सरकार*मयूरी ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकार जैसे विषयों पर राजनीतिक सुविधा के आधार पर रुख नहीं बदला जाना चाहिए। लोकतंत्र में विपक्ष का काम सवाल उठाना है जबकि सरकार की जिम्मेदारी उन सवालों का जवाब देना और अपने कार्यों के जरिए भरोसा कायम करना है। भाजपा सरकार से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपनी प्राथमिकताएं और आदिवासी बहनों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों का स्पष्ट ब्यौरा देने की मांग की। मयूरी ने कहा कि स्मृति ईरानी और भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि जिन मुद्दों पर वे कांग्रेस सरकार से जवाब मांगती थीं उन्हीं विषयों पर आज उनका अपना रिकॉर्ड और कार्ययोजना क्या है। मयूरी ने आगे कहा है कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस महिला सुरक्षा और आदिवासी बहनों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा भाजपा सरकार से इन विषयों पर जवाबदेही की मांग करती रहेगी।
