
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चमका हुनर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और शिक्षकों ने महिला सशक्तिकरण शिक्षा और सामाजिक योगदान पर सार्थक चर्चा की। कार्यक्रम की संयोजक टिकेशवरी साहू ने भारत की महान स्वतंत्रता सेनानी एवं कवयित्री सरोजिनी नायडू के जीवन एवं उनके बहुआयामी व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरोजिनी नायडू ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के साथ साथ महिला अधिकारों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि प्राध्यापक दुर्वासा सिन्हा ने वैदिक काल से लेकर वर्तमान समय तक महिलाओं की स्थिति और उनके सामाजिक विकास की यात्रा का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जो समस्त स्टॉफ की उपस्थिति एवं निगरानी में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिसमें गीतेश पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मांसी लोधी द्वितीय तथा सुमन यादव तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में टिकेशवरी साहू, डॉ.मेधाविनी तुरे , दुर्वासा सिन्हा, अजय कुमार, मानिकचंद बजारे, मैथिली पटेल, वर्षा साहू, पायल सुधाकर, वासुदेव साहू, शिक्षा जोशी, शेखर, सौरभ साहू तथा सौम्या गुप्ता सहित महाविद्यालय परिवार का सक्रिय सहयोग रहा। यह आयोजन छात्राओं में जागरूकता आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।
