Advertisement
Uncategorized

मनरेगा की पहल से सिंचाई संकट दूर, मनीराम के खेतों में फिर लहलहाई फसल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) ग्रामीण किसानों के जीवन में बदलाव ला रही है। इसी कड़ी में ग्राम टेकापार के कृषक मनीराम साहू के खेतों में बना कुआं उनके लिए समृद्धि का आधार बन गया है। सिंचाई की वर्षों पुरानी समस्या दूर होने से अब उनके खेतों में दोबारा हरियाली लौट आई है और खेती लाभकारी होती दिख रही है। ज्ञात हो कि ग्राम सभा में जब व्यक्तिगत लाभ वाले कार्यों की जानकारी दी गई तो मनीराम ने सिंचाई के साधन के रूप में कुआं निर्माण की मांग रखी। ग्राम पंचायत ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दो लाख चालीस हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दिलाई। तकनीकी सहायक हेमंत मेश्राम के मार्गदर्शन में निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। जिलाधीश के जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार सामग्री उपलब्ध कराने में शुरुआती कठिनाइयों के बावजूद पंचायत और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से यह कार्य लगातार आगे बढ़ता रहा। निर्माण अवधि में ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिला और मनरेगा के प्रावधानों के अनुसार मजदूरी सीधे उनके बैंक खातों में जमा हुई। समय पर निर्मित कुएं ने मनीराम की खेती को नई दिशा दी। डीजल पंप के जरिए नियमित सिंचाई होने लगी है जिसके परिणामस्वरूप गेहूं, धान, सोयाबीन और चना जैसी फसलों का उत्पादन पहले की तुलना में उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। आय में सुधार ने मनीराम के परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती दी है। बेहतर उत्पादन के बाद वे आसपास के किसानों को भी सिंचाई में सहयोग दे रहे हैं जिससे गांव में उनका सम्मान और बढ़ गया है। मनीराम का कहना है कि मनरेगा के तहत स्वीकृत कुआं निर्माण उनके लिए उम्मीद की नई किरण साबित हुआ है। अब वर्षभर खेती संभव हो पाई है और परिवार में स्थायी खुशहाली का माहौल है। मनरेगा के माध्यम से हुए इस कार्य ने न केवल एक किसान का जीवन बदला बल्कि ग्राम स्तर पर रोजगार और कृषि उत्पादन दोनों में सकारात्मक प्रभाव डाला है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page