मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप के बीच आम आदमी पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। ज्ञापन में आप ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव सहित पिछले दो वर्षों में हुए चुनावों के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग भी उठाई।

आप नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, 30 राज्यों में एसआईआर के तहत हटाए गए 13 करोड़ 47 लाख मतदाताओं के नामों की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में जांच कराने, पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने तथा छत्तीसगढ़ में हटाए गए नामों का पुनः परीक्षण कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं। मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित कर नागरिकों के मताधिकार की रक्षा की जानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, निलेश सोनी, भरथरी वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version