खैरागढ़। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत 18 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान के प्रशिक्षण हॉल में बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होगा जिसमें रायपुर के एसएमसी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञ चिकित्सक बच्चों की जांच एवं उपचार करेंगे। शिविर में आरबीएसके टीमों द्वारा चिह्नित उन बच्चों की जांच की जाएगी, जिनका उपचार या स्वास्थ्य परीक्षण लंबित है। स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों से अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी अभिलेख एवं पूर्व जांच रिपोर्ट साथ लेकर निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचें, ताकि कोई भी चिह्नित बच्चा जांच एवं उपचार से वंचित न रहे।
